मथुरा की घीया मंडी में टीवी रिपेयरिंग की दुकान और तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा। शहर के घीया मंडी क्षेत्र में अबरार टीवी रिपेयरिंग की दुकान और उससे जुड़ी तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य किया गया।

आग की चपेट में आने से दुकान और इमारत में रखे टीवी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों सहित अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। आग लगने से हुए नुकसान का फिलहाल आकलन किया जा रहा है।

राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

रिपोर्ट- सुरेश सैनी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]