
झांसी। झांसी में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को अधिवक्ता संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर थाना नवाबाद, कोतवाली और सीपरी बाजार के थाना प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ता संघ का आरोप है कि झांसी बस स्टैंड स्थित तीन प्रमुख होटलों में कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, लेकिन पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। संघ के अध्यक्ष प्रमोद शिवहरे ने थाना नवाबाद और मंडी चौकी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, प्रदर्शन के दौरान एक दरोगा और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि आक्रोशित वकीलों ने दरोगा के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बार काउंसिल अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अधिवक्ताओं के सम्मान से समझौता हुआ तो पुलिस को कचहरी परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वहीं, प्रमोद शिवहरे ने प्रशासन को सोमवार तक कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।









