2027 विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार प्रशासन अलर्ट, डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लाइसेंसी हथियारों के सत्यापन, मतदान केंद्रों की सूची और अवैध शराब पर कार्रवाई को लेकर तैयारियां तेज

हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन कर नियमानुसार उन्हें जमा कराने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों से मतदान केंद्रों की सूची दो दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया। चुनावी व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारियों (एआरओ) और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

अवैध शराब की बिक्री पर होगी सख्ती

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं और आवश्यक प्रक्रियाओं को लेकर समन्वय स्थापित किया जा सके।

इसके अलावा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया गया।

समयबद्ध तरीके से पूरी होंगी चुनावी तैयारियां

विधानसभा चुनाव 2027 से पहले हरिद्वार प्रशासन विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर चुनाव संबंधी तैयारियों को व्यवस्थित करने में जुटा है। अधिकारियों को सौंपे गए कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन का उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]