9 साल पहले हुई थी शादी, बहन की मौत का कारण जानने के लिए भाई ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने की मांग की
दुदही (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरी श्रीराम गांव में शनिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मायके पक्ष ने मौत को संदिग्ध बताते हुए उसके पति पर हत्या की आशंका जताई है। मृतका के भाई ने विशुनपुरा थाने में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के निवासी राजू प्रसाद ने विशुनपुरा थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि उनकी बहन गायत्री देवी की शादी करीब नौ वर्ष पहले गौरी श्रीराम गांव निवासी मनोज कुमार भारती के साथ हुई थी। शनिवार को गायत्री देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे।
बहन की मौत की परिस्थितियों को लेकर भाई राजू प्रसाद ने संदेह जताते हुए अपने बहनोई मनोज कुमार भारती पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बहन की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगना जरूरी है। इसी को लेकर उन्होंने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है, ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।









