स्पोर्ट्स डेस्क। भारत के पूर्व कप्तान और पूर्व मुख्य चयनकर्ता कृष्णमाचारी श्रीकांत ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के साथ हो रहे बर्ताव पर टीम मैनेजमेंट को आड़े हाथों लिया है। उनका कहना है कि इस होनहार खिलाड़ी को टिककर खेलने का मौका ही नहीं दिया जा रहा।
FICCI के 16वें समिट में बोलते हुए श्रीकांत ने कहा कि किसी युवा को एक मैच खिलाकर अगले पांच मैचों तक बाहर बिठा देना ठीक तरीका नहीं है। उनके मुताबिक इससे खिलाड़ी का हौसला बढ़ने के बजाय टूटता है।
श्रीकांत ने मैनेजमेंट को सलाह दी कि वैभव को लगातार करीब 20 पारियों तक खिलाया जाए और उन्हें बिना डर के खेलने की आजादी मिले। उन्होंने यह भी कहा कि वैभव अकेले दम पर 5 से 7 मैच जिताने का दम रखते हैं। टेस्ट क्रिकेट पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर वैभव इस फॉर्मेट में कामयाब रहे तो पूरी दुनिया में टेस्ट क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ सकती है।
हाल ही में कतर में चल रहे राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में इंडिया-ए की ओर से खेलते हुए वैभव अपने पहले मुकाबले में 32 गेंदों पर 26 रन ही बना सके। टीम को उनसे तेज शुरुआत की उम्मीद थी। सीनियर टीम के लिए वे आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में नजर आए थे, जहां दो मैचों में उन्होंने 49 रन बनाए थे।









