नोएडा। अब नोएडा में ट्रैफिक जाम के कारण एंबुलेंस का रास्ता नहीं रुकेगा। गंभीर मरीजों और सड़क हादसों में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस ने OPERATION FAST की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य ट्रैफिक के बीच एंबुलेंस को बिना रुकावट रास्ता उपलब्ध कराना है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर 24 घंटे सातों दिन संचालित होने वाली एंबुलेंस ट्रैफिक सुविधा सेल स्थापित की जा रही है। इसके लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 9218891716 जारी किया गया है। इस नंबर पर सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस सक्रिय होगी और एंबुलेंस के निर्धारित रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रित कर ग्रीन कॉरिडोर तैयार करेगी।
पुलिस ने इस व्यवस्था का ट्रायल चिल्ला बॉर्डर से मैक्स और फोर्टिस अस्पताल तक किया। इस दौरान करीब 12 किलोमीटर की दूरी महज 10 मिनट में तय की गई।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के मुताबिक, इस पहल का मकसद मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और ट्रैफिक जाम के कारण होने वाली देरी को रोकना है।









