तीन साल के प्रयास के बाद बंजारीपट्टी में शुरू हुआ चौड़े पुल का निर्माण, चार महीने में चालू कराने का लक्ष्य

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहा पुल, विधायक विवेकानंद पांडे और सांसद विजय कुमार दुबे के प्रयासों से मिली स्वीकृति; निर्माण अवधि में छपरा के रास्ते डायवर्जन की व्यवस्था

कुशीनगर। खड्डा विधानसभा क्षेत्र के बंजारीपट्टी गांव के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर पर वर्षों से जाम का कारण बने संकरे पुल की जगह अब नए चौड़े पुल का निर्माण शुरू हो गया है। तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहे इस पुल को क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खड्डा विधायक विवेकानंद पांडे ने कहा कि पुल को जल्द से जल्द पूरा कराकर चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है। लक्ष्य है कि अगले चार महीने के भीतर पुल पर आवागमन शुरू हो जाए।

विधायक विवेकानंद पांडे ने बताया कि इस पुल के निर्माण के लिए उन्होंने सांसद विजय कुमार दुबे के साथ मिलकर करीब तीन वर्षों तक लगातार प्रयास और संघर्ष किया। शासन स्तर पर पहल करने के बाद पुल निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ और अब इसका निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि यह पुल खड्डा विधानसभा क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके बनने से खड्डा और महराजगंज जिले के सिसवा बाजार के बीच आवागमन आसान होगा और वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान राहगीरों को परेशानी न हो, इसके लिए छपरा के रास्ते डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। यह वैकल्पिक रास्ता आगे चलकर बंजारीपट्टी नहर के किनारे मुख्य मार्ग से जुड़ रहा है। इससे सिसवा बाजार जाने वाले लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी। विधायक ने यह भी बताया कि लोगों की परेशानी कम करने के लिए पीपा पुल लगाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि निर्माण अवधि में भी आवागमन की सुविधा बनी रहे।

गौरतलब है कि पुराने संकरे पुल की चौड़ाई कम होने के कारण दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन मुश्किल होता था। अक्सर पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते थे। इससे किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।

नए चौड़े पुल के निर्माण से बड़े वाहनों का आवागमन भी सुगम होगा। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि निर्धारित समय में निर्माण पूरा होने से खड्डा-सिसवा मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]