खंती में मिली बोलेरो, अंदर होमगार्ड के बेटे का शव; हत्या या हादसा? मौत पर उठे कई सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के दुर्गागंज के पास रविवार देर रात खंती में दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो के अंदर बीएससी छात्र का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरपालपुर क्षेत्र के गिलौली निवासी 20 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। उसके पिता अनिल कुमार अरवल थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं। परिजनों ने साथ गए तीन युवकों पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को सड़क हादसे से जोड़कर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात ईसेपुर निवासी रोहित बोलेरो बुक कराने पहुंचा था। सोनू के कहने पर परिजनों ने उसे गाड़ी ले जाने की अनुमति दे दी। बोलेरो सोनू चला रहा था और उसके साथ उर्वेश, शिवम उर्फ लाला तथा रोहित भी मौजूद थे। रात करीब 11 बजे परिजनों को गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस सोनू को सीएचसी बिलग्राम ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पीठ पर छेद मिलने के बाद पिता ने गोली मारकर हत्या की आशंका जताई। हालांकि पोस्टमार्टम में बाईं किडनी और पित्ताशय फटने से मौत की वजह सामने आई तथा एक्सरे में शरीर के अंदर गोली नहीं मिली।

वहीं, रोहित ने दावा किया कि उर्वेश ने सांडी में किसी व्यक्ति से तमंचा लिया था। दुर्गागंज के पास तमंचा देखने के दौरान गोली चलने से सोनू का गाड़ी पर नियंत्रण बिगड़ गया और बोलेरो खंती में जा गिरी। बोलेरो की चालक सीट पर छेद और तमंचे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। सूचना पर सवायजपुर विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू भी पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता कर दोबारा पोस्टमार्टम कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। सोनू की मौत हादसा थी या किसी साजिश का परिणाम, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

संवाददाता – अमित सिंह

और पढ़ें

[the_ad id="164"]