बागपत। क्षत्रिय स्वाभिमान महासम्मेलन में पहुंचे पूर्व सांसद एवं पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखे राजनीतिक हमले किए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवाओं से शिक्षित, जागरूक और संगठित होकर समाज को मजबूत बनाने की अपील की।
अपने संबोधन में बृजभूषण सिंह ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए उन्हें ‘नाचने वाला बंदर’ बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 55 वर्ष के हो गए हैं, लेकिन उनमें अभी समझदारी नहीं आई है। दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर भी उन्होंने आंदोलनकारियों पर निशाना साधा और विदेशी फंडिंग के आरोप लगाए।

उन्होंने कहा कि विपक्ष हर अच्छे काम का विरोध करता है। अपने चर्चित अंदाज में उन्होंने कहा, “दबदबा था, दबदबा है और दबदबा रहेगा।” साथ ही उन्होंने कहा कि अब राजा रानी के पेट से नहीं, बल्कि जनता के वोट से बनते हैं।
सम्मेलन में उन्होंने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए युवाओं को सफल लोगों के साथ रहने और उनसे प्रेरणा लेने की सलाह दी। उन्होंने महाराष्ट्र में उत्तर भारतीयों के साथ कथित मारपीट के मामलों पर भी नाराजगी जताई और सरकार से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की।
बृजभूषण सिंह ने कहा कि युवाओं को भटकाव से बचकर अपने लक्ष्य पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने खेती, पशुपालन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश भी दिया।
सम्मेलन में उनके बयानों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
रिपोर्ट- विकास शर्मा









