कुशीनगर। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मथौली में रविवार को हाटा-मथौली मार्ग पर एक सड़क हादसा हो गया। यहां तेज टक्कर के बाद ई-रिक्शा सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ई-रिक्शा में पांच लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक थार गाड़ी ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा सवार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मथौली पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। तीन लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
वहीं, हादसे की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। घायलों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य विस्तृत जानकारी का इंतजार है।









