मुगलसराय। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना स्थित मेटिस अस्पताल के सामने रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार से अपहृता को बरामद कर लौट रही कानपुर पुलिस टीम की कार का अचानक टायर फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर कंटेनर से टकरा गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में पुलिसकर्मियोंसमेत पांच लोग घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर मुगलसराय स्थित पीपी सेंटर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









