झांसी। मऊरानीपुर क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर कथित तौर पर बालू माफियाओं द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना थाना लहचूरा क्षेत्र के नया गांव इलाके की बताई जा रही है। आरोप है कि 20 से 25 लोगों के समूह ने वन विभाग के अधिकारियों को निशाना बनाते हुए फायरिंग की और काफी दूर तक उनका पीछा किया। अधिकारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, घटना के दौरान स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई थी। टीम ने किसी तरह मौके से निकलकर खुद को सुरक्षित किया। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों में शामिल कुछ लोगों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
घटना के बाद वन विभाग की ओर से स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, टीम ने तत्काल पुलिस सहायता नहीं मिलने का आरोप लगाया है। इस मामले में वन विभाग के रेंज अधिकारी कृष्ण पाल द्विवेदी ने थाना लहचूरा पुलिस को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद वन विभाग की टीम की सुरक्षा और अवैध बालू खनन में कथित रूप से शामिल लोगों पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब पुलिस की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।









