ऋषिकेश में घाट रोड पर बनी प्राइवेट पार्किंग को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। त्रिवेणी घाट पर नगर निगम की पार्किंग संचालित करने वाले कर्मचारियों ने घाट रोड पर अवैध रूप से नो पार्किंग के बोर्ड लगाए जाने का आरोप लगाया है।

कर्मचारियों का कहना है कि घाट रोड पर एक धर्मशाला को तोड़कर प्राइवेट पार्किंग बनाई गई है। प्राइवेट पार्किंग संचालक द्वारा घाट रोड पर नो पार्किंग का बोर्ड लगा दिया गया है, जिस पर आज्ञा से ऋषिकेश कोतवाली पुलिस लिखा हुआ है। आरोप है कि जानबूझकर बोर्ड लगाकर आने वाले वाहनों को प्राइवेट पार्किंग में भेजा जा रहा है, जिससे नगर निगम की पार्किंग के ठेकेदार को सीधा नुकसान हो रहा है। इस मामले की सूचना 112 पुलिस कंट्रोल रूम को भी दी गई है।
वहीं इस पूरे मामले पर ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने सफाई दी है। वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि पुलिस ने घाट रोड पर ऐसा कोई नो पार्किंग बोर्ड नहीं लगाया है। गोलगप्पे वाली गली चौराहे पर जाम रोकने के लिए सिर्फ एक होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस की आज्ञा से लगे बोर्ड की जानकारी उन्हें नहीं है, अगर गलत तरीके से बोर्ड लगाया गया है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लगाई गई बैरिकेटिंग को हटा दिया है।








