कानपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नरेट ने यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस रिजर्व लाइन में पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने फीता काटकर किया।
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि जागरूकता और प्रवर्तन अभियानों से सड़क हादसों में 30 प्रतिशत से अधिक कमी आई है और जाम की समस्या में भी सुधार हुआ है। आपात सेवाओं के लिए ग्रीन कॉरिडोर और कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। प्रमुख चौराहों को ए और बी श्रेणी में बांटकर यातायात सुधारने की योजना है।

कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया और सड़क सुरक्षा की शपथ ली। केडीए, एनएचएआई और यातायात विभाग ने जागरूकता स्टॉल लगाए।
यमराज की वेशभूषा में आए कलाकार आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने का संदेश दिया।
इस मौके पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित अवस्थी और ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताड़ा मौजूद रहे। पूरे माह जागरूकता और कार्रवाई अभियान चलेगा।









