ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट पर आस्था के महापर्व छठ पूजा की बेहद भव्य और मनमोहक तस्वीरें देखने को मिलीं। अचानक बदलते मौसम और ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी। घाट पर सुबह से ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। किसी ने बैंड-बाजों के साथ घाट पहुंचकर पूजा-अर्चना की तो कोई दंडवत प्रणाम करते हुए अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट करता नजर आया।
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पर्व की महत्ता और इसकी कठिन धार्मिक परंपराओं के बारे में भी जानकारी साझा की।
श्रद्धालुओं ने बताया कि छठ पर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। पहले दिन नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत होती है। इस दिन व्रती स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। भोजन में मुख्य रूप से कद्दू-भात, चने की दाल और बिना लहसुन-प्याज का खाना बनाया जाता है।
दूसरे दिन खरना का विधान होता है। इस दिन व्रती निर्जल उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर तथा रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा करते हैं। इसके बाद प्रसाद आसपास के लोगों में वितरित किया जाता है। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की जाती है। वहीं चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व का समापन होता है।
डॉ. सुनीता पासवान सहित अन्य श्रद्धालुओं ने बताया कि छठ केवल धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि अनुशासन, संयम, स्वच्छता और सूर्यदेव के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक भी है। इस पर्व में व्रती पूरी श्रद्धा और नियमों का पालन करते हुए सूर्य उपासना करते हैं।
त्रिवेणी घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति के माहौल ने पूरी तीर्थनगरी को छठमय बना दिया।
रिपोर्ट: सागर रस्तोगी।









