मुगलसराय: 300 रिक्शा चालकों के घरों तक पहुंचाई दीपावली की खुशियां, विक्की जुनेजा ने बांटी मिठाई और राशन सामग्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सब जग चालन हार ट्रस्ट की अनूठी पहल, जरूरतमंद परिवारों को तेल, दाल, आटा और भोजन सामग्री वितरित

मुगलसराय। दीपावली का त्योहार हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए, इसी उद्देश्य से समाजसेवी विक्की जुनेजा की पहल पर ‘सब जग चालन हार ट्रस्ट’ की ओर से सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर के 300 रिक्शा चालकों को मिठाई और खाद्य सामग्री वितरित कर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा की गईं।

कार्यक्रम के दौरान रिक्शा चालकों को मिठाई के साथ तेल, दाल, आटा और पूरी-सब्जी सहित अन्य जरूरी खाद्य सामग्री दी गई। संस्था की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के चेहरों पर भी त्योहार की खुशियां देखने को मिलीं।

इस मौके पर समाजसेवी विक्की जुनेजा ने कहा कि दीपावली प्रेम, खुशियों और आपसी भाईचारे का पर्व है। उनकी कोशिश है कि हर परिवार के घर में दीपावली पर मिठाई बने और लोग खुशी के साथ त्योहार मना सकें। उन्होंने कहा कि रिक्शा चालक दिनभर मेहनत कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण कई बार त्योहार ठीक से नहीं मना पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए 300 रिक्शा चालकों को खाद्य सामग्री और मिठाई वितरित की गई।

उन्होंने बताया कि ‘सब जग चालन हार ट्रस्ट’ की ओर से साल में तीन से चार बार रिक्शा चालकों और जरूरतमंद परिवारों के लिए ऐसे सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके अलावा संस्था अन्य सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहती है।

विक्की जुनेजा ने कहा कि सब कुछ परमात्मा की कृपा से होता है। वह और उनकी संस्था केवल एक माध्यम हैं, जो भगवान की दी हुई चीजों को जरूरतमंदों तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।

कार्यक्रम में आदिल, विक्की जुनेजा, रिक्शा यूनियन अध्यक्ष कयामुद्दीन, शिवनाथ गुप्ता, डब्ल्यू राय, डब्लू सिंह, निर्भय सिंह और गोपाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: अशोक कुमार जायसवाल, मुगलसराय।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]