मथुरा। आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुए मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने रामलीला मैदान और गोविन्द नगर थाना क्षेत्र में लगाई गई पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों पर सुरक्षा मानकों की जांच की। विशेष रूप से दुकानों पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की स्थिति और उनकी कार्यक्षमता को परखा गया। अधिकारियों ने पटाखा विक्रेताओं को निर्देश दिए कि आपातकालीन स्थिति में अग्निशमन यंत्रों का सही तरीके से संचालन करना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।
रिपोर्ट: सुरेश सैनी, मथुरा।









