दीपावली मेले को लेकर चित्रकूट पुलिस अलर्ट, 2 हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा की कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में कार्तिक अमावस्या और दीपावली मेले को लेकर पुलिस एवं जिला प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। बुंदेलखंड के सबसे बड़े धार्मिक मेले में इस वर्ष 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब दो हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पूरे मेला क्षेत्र को आठ जोन और 22 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिससे भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके।

पुलिस प्रशासन के मुताबिक, 6 नवंबर धनतेरस से 11 नवंबर की रात तक नो-एंट्री और रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू रहेगी। मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। इसके साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था में सिविल पुलिस, पीएसी, जल पुलिस, एलआईयू और बीडीडीएस की टीमें भी तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि यातायात बाधित न हो और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

गौरतलब है कि दीपावली मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए पिछले एक महीने से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से धार्मिक अनुष्ठान एवं दीपावली मेले में शामिल हो सकें।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]