प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला अभ्यर्थी भी शामिल रहीं। अभ्यर्थियों के आंदोलन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेज दिया, जहां उनका धरना लगातार जारी है।
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि दीपावली से पहले नियुक्ति का शेड्यूल जारी किया जाए। अभ्यर्थियों ने ओबीसी, दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिक वर्ग के अभ्यर्थियों को न्याय देने के साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को भी नियुक्ति देने की मांग उठाई।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा में उनका समय बीत रहा है। नवरात्र, दशहरा और करवा चौथ भी आंदोलन करते हुए गुजर गए, लेकिन उनकी मांगों पर अब तक ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
प्रदर्शनकारी नवीन चौधरी ने कहा कि अभ्यर्थी लगातार अपने हक और नियुक्ति के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।









