जानकारी के अनुसार, राजामऊ गांव के ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि कोटेदार ने ई-पॉश मशीन पर अंगूठा लगवाने के बावजूद सितंबर माह का सरकारी राशन वितरित नहीं किया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने मामले की जांच कराई थी। जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर संबंधित कोटे को निलंबित कर दिया गया था।
निलंबन के बाद अधिकारियों द्वारा कराई गई जांच में खाद्यान्न के स्टॉक में भारी कमी पाई गई। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, कोटेदार के यहां 23.29 क्विंटल गेहूं और 33.95 क्विंटल चावल कम मिला। इस तरह कुल 57.24 क्विंटल सरकारी राशन का हिसाब नहीं मिल सका।
जांच के दौरान कोटेदार अधिकारियों को स्टॉक रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक ने जामो थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामले में पुलिस और संबंधित विभाग आगे की विधिक कार्रवाई में जुटे हैं। सरकारी राशन वितरण में अनियमितता का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
रिपोर्टर- नितेश तिवारी
लोकेशन- अमेठी









