महादेवा में महिला की हत्या से सनसनी, भाई-भाभी पर हत्या का आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिर पर कठोर वस्तु से वार कर ली जान, आवास में मिला 35 वर्षीय अविवाहित महिला का शव; पुलिस जांच में जुटी
बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के महादेवा मंदिर के सामने स्थित एक आवास में 35 वर्षीय अविवाहित महिला मंजू गौतम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की हत्या सिर पर किसी कठोर वस्तु से वार कर किए जाने की आशंका है। मामले में मृतका के भाई और भाभी पर हत्या का आरोप लगा है।

जानकारी के अनुसार, मंजू गौतम अपने भाई और भाभी के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि परिवार में पहले से विवाद चल रहा था और आए दिन मारपीट भी होती थी। घटना के बाद भाई और भाभी के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। मृतका की बहन ने भाई और उसके परिवार के खिलाफ पुलिस को नामजद तहरीर दी है।

सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत करीब 24 घंटे पहले होने का अनुमान है। हालांकि, मौत के सही समय और कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि मृतका की बहन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपित भाई-भाभी की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]