गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। बिजली विभाग में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के चलते वर्षों से कार्यरत विद्युत मीटर रीडरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। इसी समस्या को लेकर रविवार, 1 नवंबर 2026 को गोला, पलिया, भीरा, बिजुआ, मैलानी और मोहम्मदी क्षेत्रों के सैकड़ों मीटर रीडर एकत्र हुए और गोला विधायक अमन गिरि को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इसके साथ ही अधीक्षण अभियंता को भी ज्ञापन देकर न्याय की गुहार लगाई।
मीटर रीडरों ने बताया कि वे पिछले 10 से 15 वर्षों से बिजली विभाग में पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ मीटर रीडिंग का कार्य कर रहे हैं। लेकिन अब स्मार्ट मीटर लगाए जाने के कारण उनके सामने रोजगार छिनने और परिवार के भरण-पोषण का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की कि वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रहे मीटर रीडरों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए तथा उन्हें निगम में किसी न किसी रूप में समायोजित कर रोजगार उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान कमल किशोर शर्मा, विजेंद्र, जगदीश प्रसाद, शिवम दिवाकर, अरुण कुमार, महबूब आलम, अजय गुप्ता, विजय गुप्ता, नीलेश वर्मा, हरजीत सिंह, अरविंद और मुकेश सहित अनेक मीटर रीडर मौजूद रहे। गोला सर्किल इंचार्ज अभय प्रताप के साथ विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजर अब्बास, प्रदीप शर्मा, शिवम सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
मीटर रीडरों ने शासन और विभाग से मानवीय आधार पर उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।









