महराजगंज,। जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डॉ. प्रशांत कुमार भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने जनगणना की तैयारियों, स्वगणना प्रक्रिया और जनपद में संचालित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इसके बाद 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। जनपद में कुल 5,543 प्रगणकों और 916 पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण का कार्य अंतिम चरण में है। इनमें 10 प्रतिशत कार्मिक आरक्षित श्रेणी में रखे गए हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक लोग स्वगणना प्रक्रिया में भाग लें और निर्धारित सभी 40 प्रश्नों के सही उत्तर दर्ज करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी। इनका उपयोग किसी अन्य उद्देश्य के लिए नहीं किया जा सकता और न ही इन्हें न्यायालय में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है। जनगणना संबंधी सूचनाएं आरटीआई के दायरे से भी बाहर हैं।
डीएम ने बताया कि जनगणना में जनपद में स्थायी और अस्थायी रूप से निवास करने वाले सभी व्यक्तियों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा बेघर व्यक्तियों, छात्रावासों में रहने वाले लोगों और सशस्त्र बलों में कार्यरत व्यक्तियों की गणना भी सुनिश्चित की जाएगी। नेटवर्क शैडो क्षेत्रों में स्वगणना के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी, ताकि कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में प्रगणक नहीं पहुंचते हैं तो नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर सूचना दे सकते हैं। स्वगणना अभियान के दौरान विभिन्न थीम आधारित दिवस भी आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य में सरकारी नीतियों और विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने पत्रकारों के विभिन्न सवालों का जवाब भी दिया।









