
दिल्ली के मंगोलपुरी में शुक्रवार रात एक फैक्ट्री में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में चार लोगों की जान चली गई|
रात में फैक्ट्री में भड़की आग, इलाके में अफरा-तफरी
राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता निर्माण इकाई में आग लगने की घटना सामने आई. फेज-1 स्थित फैक्ट्री में रात करीब साढ़े नौ बजे आग भड़की. शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग इमारत के निचले हिस्से यानी बेसमेंट में लगी थी| कुछ ही देर में परिसर में धुआं भर गया और अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया| सूचना मिलने पर पुलिस और अग्निशमन विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की| आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया|
अस्पताल में चार लोगों ने तोड़ा दम
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान फैक्ट्री के भीतर फंसे छह लोगों को बाहर निकाला गया| सभी की हालत उस समय गंभीर थी और वे बेहोश थे| इसके बाद उन्हें बिना देरी किए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया| वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया| हादसे में घायल हुए दो अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है| बचाव दल के अनुसार, धुएं के बीच फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया|
बेसमेंट तक सीमित रखी गई आग
दमकल विभाग की कार्रवाई के दौरान आग को फैक्ट्री के निचले हिस्से से आगे बढ़ने से रोकने पर विशेष ध्यान दिया गया| अधिकारियों के मुताबिक, लपटों को इमारत के दूसरे हिस्सों तक पहुंचने नहीं दिया गया| काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण हासिल कर लिया गया|









