सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। पोंटा-प्रेमनगर हाईवे के पास हरे-भरे आम के बगीचे को काटने और आसन नदी से हजारों टन अवैध आरबीएम निकालने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि जेसीबी लगाकर नदी से रेत, बजरी और मोरम का अवैध खनन किया गया। इतना ही नहीं, हाईवे विभाग की बिना अनुमति के बगीचे को काटकर मुख्य हाईवे से अवैध रास्ता भी बना दिया गया, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
सूत्रों के मुताबिक करीब 35 बीघा कृषि भूमि पर अवैध प्लाटिंग का खेल भी चल रहा है। हाईवे किनारे खुलेआम आरबीएम का भंडारण और पेड़ों का कटान होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत प्रशासन से की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अवैध खनन, पेड़ कटान और अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।









