कानपुर देहात। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कानपुर देहात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में शिवली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जवाहर नगर स्थित एक दुकान के बाहर छापा मारकर 490 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान सूचना मिलने पर जवाहर नगर में कार्रवाई की गई। इस दौरान 33 गत्तों में रखे 460 किलोग्राम पटाखे और खुले में बिक्री के लिए रखे 30 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
मौके से गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार गुप्ता, निवासी रामनगर, शिवली के रूप में हुई है। बरामद पटाखों को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया। साथ ही एंटी सबोटाज टीम से उनकी जांच भी कराई गई।
पुलिस ने इस मामले में थाना शिवली में विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 5/9बी के तहत मुकदमा संख्या 359/2026 दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस अभियान चला रही है।









