कानपुर नगर। यूपी पीईटी परीक्षा की पहली पाली समाप्त होने के बाद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ पड़ी। अभ्यर्थियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस सक्रिय रही। रेलवे की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर परीक्षार्थियों को ट्रेनों की जानकारी दी गई, ताकि वे समय से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकें।
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए गोरखपुर और बलिया के लिए परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई। इसके अलावा दो ट्रेनों को रिजर्व में रखा गया। स्टेशन पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए। आरपीएफ के जवान अभ्यर्थियों को सही ट्रेन की जानकारी देकर उनकी मदद करते रहे।

कानपुर सेंट्रल स्टेशन के डिप्टी सीटीएम आकांशु गोविल ने बताया कि पीईटी परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दो पालियों में आयोजित होनी है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेन की व्यवस्था की है। पहली पाली में 9,288 परीक्षार्थी शामिल हुए।
वहीं, कुछ परीक्षार्थियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर असंतोष जताया। उनका कहना था कि लगाए गए सहायता शिविरों में पंखे जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी है। उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की मांग की।









