मिठाई के कारखाने में मिले कीड़े, रसगुल्ले का नमूना लिया; छापे की भनक लगते ही कई दुकानदारों ने गिराए शटर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कारखाने में गंदगी और रसगुल्लों पर भिनभिनाती मिलीं मक्खियां, दुकानदार को नोटिस देकर सफाई के निर्देश

कसया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर गुरुवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी अक्षय दीपक ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ नगर के बस स्टेशन के सामने मिष्ठान की दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई की भनक लगते ही आसपास की कई दुकानों के शटर गिर गए। टीम ने दो स्थानों से मिठाई के नमूने लिए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने तहसीलदार न्यायिक विजय यादव, सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार राय और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल वर्मा के साथ पहले सिंधी स्वीट्स हाउस की जांच की। दुकान में गंदगी मिलने पर दुकानदार को फटकार लगाई गई और साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। टीम ने यहां लड्डू की बूंदी का नमूना लिया। गंदगी मिलने पर नोटिस भी जारी कराया गया।

इसके बाद टीम जायसवाल स्वीट हाउस पहुंची। दुकान की व्यवस्था संतोषजनक मिलने के बाद टीम मिठाई बनाने वाले कारखाने में पहुंची। यहां

मिठाई रखने वाले एक कंटेनर में कीड़े मिले। आसपास गंदगी फैली थी और रसगुल्लों पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दुकानदार को कड़ी हिदायत दी और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। टीम ने रसगुल्ले का नमूना भी लिया। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी अक्षय दीपक ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा। दुकानों और कारखानों में गंदगी मिलने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]