महराजगंज। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए महराजगंज यातायात पुलिस ने नगर एवं कस्बा क्षेत्रों में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेज के आसपास संचालित स्कूली बसों और अन्य वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था एवं जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
यातायात पुलिस टीम ने स्कूली वाहनों की फिटनेस, वैध बीमा, चालक का ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की और फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता एवं स्थिति की जांच की। इस दौरान वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने वाहन चालकों और स्कूल वाहन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक स्कूली वाहन में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से चालू हालत में रखे जाएं। इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध रखने तथा पर्याप्त प्राथमिक चिकित्सा सामग्री वाला फर्स्ट एड बॉक्स रखने के निर्देश दिए गए।
जांच के दौरान जिन स्कूली वाहनों और चालकों के पास आवश्यक मानक पूरे नहीं मिले अथवा वाहन नियम विरुद्ध संचालित पाए गए, उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक एवं चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। स्कूली वाहनों में सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्र-छात्राएं सुरक्षित तरीके से विद्यालय आ-जा सकें।









