भारत-नेपाल सीमा पर 1,503 नशीले इंजेक्शन बरामद, एक गिरफ्तार; स्विफ्ट डिजायर कार जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। टीम ने रविवार को सीमा के मुख्य गेट के पास कार्रवाई करते हुए 1,503 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद किए और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। मौके से तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए प्रेमचन्द (29), निवासी ग्राम जुगौली, थाना सोनौली, को गिरफ्तार किया गया।

बरामद इंजेक्शनों में 511 एम्पुल बुप्रेनोरफिन, 499 एम्पुल डाइजापाम और 493 एम्पुल प्रोमेथाजीन हाइड्रोक्लोराइड शामिल हैं। कुल बरामदगी 1,503 एम्पुल की बताई गई है। इसके अलावा हरियाणा नंबर की स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई।

पुलिस ने इस मामले में थाना सोनौली में मुकदमा संख्या 96/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/23 में अभियोग दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया।

इस कार्रवाई में सोनौली पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]