महराजगंज। आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर महराजगंज पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार, 23 सितंबर 2026 को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार परीक्षण करते हुए उसका समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रभारी निरीक्षक एवं थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर थाना स्तर पर ही किया जाए।
इससे फरियादियों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़ेगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी समाधान मिल सकेगा।

उन्होंने थाना स्तर पर संचालित जनसुनवाई व्यवस्था एवं महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। निर्देश दिए गए कि थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात ध्यानपूर्वक सुनी जाए और प्रकरण की गंभीरता के अनुरूप नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध रूप से की जाए। विशेष रूप से महिलाओं की शिकायतों में संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
महराजगंज पुलिस द्वारा जनशिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









