कोठीभार थाना क्षेत्र में चिरैयाकोट पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, जिला अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम
महराजगंज। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल 20 वर्षीय युवक की जिला अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच आख्या पुलिस अधीक्षक को भेज दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे राहगीर के माध्यम से सूचना मिली कि चिरैयाकोट पेट्रोल पंप के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही कोठीभार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। वहां चार लोग घायल अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर प्रिंस चौरसिया (20 वर्ष), पुत्र गणेश, निवासी सबया दक्षिण टोला, थाना कोठीभार की मौत की जानकारी हुई। हादसे में घायल आदित्य जायसवाल (24 वर्ष), पुत्र नंदलाल, निवासी रेलवे स्टेशन सिसवा बाजार, थाना कोठीभार, प्रिंस गौंड (18 वर्ष), पुत्र निवास गौड़, निवासी तुर्कहिया, थाना ठूठीबारी और आशीष (22 वर्ष), निवासी तुर्कहिया, थाना ठूठीबारी का इलाज जारी है।
पुलिस ने भेजी जांच आख्या
घटना के संबंध में थाना कोठीभार पुलिस ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को रिपोर्ट भेजकर अब तक की कार्रवाई से अवगत कराया है। पुलिस की जांच आख्या में बताया गया है कि हादसे में चार लोग घायल हुए थे, जिनमें एक युवक की मौत हो गई। अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है।








