महराजगंज। जनपद के विभिन्न स्थानों पर कार्यरत पंप ऑपरेटरों ने वेतन भुगतान समेत कई समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को सामूहिक शिकायती पत्र सौंपा। ऑपरेटरों ने संबंधित कंपनी पर समय से वेतन भुगतान नहीं करने और कार्य के अनुरूप पारिश्रमिक नहीं देने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में ऑपरेटरों ने बताया कि वे विभिन्न स्थानों पर पंप संचालन की जिम्मेदारी निभाते हुए 24 घंटे ड्यूटी करते हैं। इसके बावजूद उन्हें कथित रूप से मात्र 4,000 रुपये प्रतिमाह पारिश्रमिक दिया जा रहा है। ऑपरेटरों का आरोप है कि निर्धारित समय पर वेतन का भुगतान भी नहीं किया जाता, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से उन्हें अब तक स्पष्ट लिखित आदेश अथवा नियुक्ति पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसके अलावा पानी की टंकियों की साफ-सफाई, लीकेज की मरम्मत और कैंपस की सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं में भी समस्याएं बनी हुई हैं। ऑपरेटरों का कहना है कि कई बार इन कार्यों से संबंधित आवश्यक खर्च उन्हें अपनी जेब से करना पड़ता है।
ऑपरेटरों ने जिलाधिकारी से मांग की कि वेतन का समय से भुगतान सुनिश्चित कराया जाए और कार्य के अनुरूप निश्चित पारिश्रमिक निर्धारित किया जाए। साथ ही बैंक खातों में सीधे भुगतान की व्यवस्था कराने, नियुक्ति संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा समस्याओं की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
संतोष कुमार,राम मोहन त्रिपाठी,अजय कुमार,ओंकार सिंह,सहजानंद, श्री राम,कमलेश गुप्ता,त्रिलोकी, बसंती,हेमंत पटेल,असलम अली, मोहम्मद आजाद, लव कुश, राहुल अभिषेक, दयानंद, अर्जुन, पूजन,तथा तमाम लोग उपस्थित रहे









