कानपुर नगर में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी PET को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9,288 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
उत्तर प्रदेश के 60 शहरों में बनाए गए 1,372 परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन करीब 12 लाख अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की जानकारी है। PET परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से दो घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। केंद्रों पर सघन तलाशी, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर प्रतिबंध और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। PET परीक्षा आगामी 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को भी आयोजित होगी।









