महराजगंज। आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जांच निष्पक्षता से करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन समस्याओं का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण थाना स्तर पर ही प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। इससे आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने थाना स्तर पर संचालित जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात सम्मानपूर्वक और गंभीरता से सुनी जाए तथा शिकायत की प्रकृति के अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। महराजगंज पुलिस द्वारा जनशिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









