कुशीनगर। जन शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में कुशीनगर पुलिस ने एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। शासन स्तर से अगस्त माह के प्रदर्शन के आधार पर जारी रैंकिंग में कुशीनगर पुलिस को लगातार तीसरी बार प्रदेश में पहला स्थान मिला है। खास बात यह है कि जनपद के सभी 21 थानों ने भी IGRS पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण में शत-प्रतिशत अंक हासिल करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों के निस्तारण की शासन स्तर से लगातार समीक्षा की जाती है। शिकायतों के निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने के साथ ही शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया जाता है। इसी प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक माह जनपद और थानों की रैंकिंग निर्धारित की जाती है।
अगस्त में एक भी शिकायत नहीं हुई डिफाल्टर
कुशीनगर पुलिस के अनुसार अगस्त माह में प्राप्त सभी IGRS संदर्भों का निर्धारित समय-सीमा से पहले ही निस्तारण किया गया। इसके चलते पूरे माह एक भी संदर्भ डिफाल्टर नहीं हुआ। शिकायतों के निस्तारण में समयबद्धता के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि और उनसे संपर्क को भी प्राथमिकता दी गई। शासन स्तर से अगस्त माह में कुशीनगर पुलिस के कुल 2014 IGRS संदर्भों पर फीडबैक लिया गया। इनमें 1903 आवेदकों ने पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट होने की बात कही। इसके आधार पर पुलिस का संतुष्ट फीडबैक प्रतिशत 94.49 प्रतिशत रहा। वहीं, 1957 आवेदकों ने बताया कि संबंधित पुलिस अधिकारी द्वारा उनसे संपर्क किया गया, जिसके आधार पर आवेदकों से संपर्क करने का प्रतिशत 97.17 प्रतिशत रहा।
सभी 21 थानों को मिले 100 प्रतिशत अंक
अगस्त माह की थानावार रैंकिंग में कुशीनगर के सभी 21 थानों ने IGRS शिकायतों के निस्तारण में 100 प्रतिशत अंक हासिल किए। इनमें कोतवाली पडरौना, तुर्कपट्टी, जटहा बाजार, कसया, कुबेरस्थान, रामकोला, हनुमानगंज, नेबुआ नौरंगिया, रामकोला, कप्तानगंज, अहिरौली बाजार, कोतवाली हाटा, बरवापट्टी, तमकुहीराज, सेवरही, विशुनपुरा, तरयासुजान, पटहेरवा, चौरा खास और महिला थाना सहित जनपद के सभी संबंधित थाने शामिल हैं। प्रेस नोट में बताया गया कि जनपदीय IGRS सेल द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित संज्ञान, निष्पक्ष जांच, शिकायतकर्ता से संवाद और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित किया गया। नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ शिकायतों का निस्तारण किया गया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को दी बधाई
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार द्वारा IGRS जनसुनवाई पर विशेष ध्यान देते हुए समय-समय पर सभी थाना प्रभारियों और जनपदीय IGRS सेल को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इन निर्देशों के अनुपालन और पुलिस टीम के बेहतर प्रदर्शन के परिणामस्वरूप कुशीनगर पुलिस ने लगातार तीसरी बार प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के प्रति समर्पित रहते हुए शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया।









