शाहजहांपुर, 24 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में दलित बुजुर्ग महिला की पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है। मामले में नामजद दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, कोतवाली परशुरामपुरी क्षेत्र में सरकारी अस्पताल के पास खाली जमीन पर सब्जी बेचकर गुजर-बसर करने वाली बुजुर्ग महिला का अपने पड़ोसी से विवाद हो गया था। आरोप है कि पड़ोसी ने अपने बेटों के साथ मिलकर महिला की पिटाई कर दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के करीब चार दिन बाद उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
पोस्टमार्टम में सिर की चोट से मौत की पुष्टि
महिला की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने हाईवे जाम करने का प्रयास भी किया। वहीं, दलित समाज के नेताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर पर चोट लगने से मौत होने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दो आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।








