हरदोई के बिलग्राम में बेटी को ससुराल से विदा कराने पहुंची मां के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दामाद ने अपने भाइयों के साथ मिलकर महिला की पिटाई कर दी, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना के करीब 15 दिन बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पूरा मामला बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जरौली शेरपुर गांव का है। हरपालपुर थाना क्षेत्र के ककरा गांव निवासी समा बानो के मुताबिक, वह 9 अक्टूबर को अपनी बेटी सना को विदा कराने के लिए ससुराल पहुंची थीं। आरोप है कि इसी दौरान दामाद ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर अपने भाइयों के साथ मिलकर मारपीट की। महिला ने घर की अन्य महिलाओं पर भी मारपीट का आरोप लगाया है।
पीड़िता का कहना है कि उनकी बेटी की शादी करीब एक साल पहले हुई थी और शादी के बाद से ही उसके साथ मारपीट की जाती रही है।
24 अक्टूबर को समा बानो बिलग्राम कोतवाली पहुंचीं और पुलिस से शिकायत की। इसके बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








