महराजगंज। सिसवा बाजार के सुभाष नगर वार्ड नंबर-3 में सोमवार देर रात बिजली के हाई वोल्टेज की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर वार्ड नंबर-3 निवासी अमर चौधरी पुत्र स्वर्गीय राम प्रीत चौधरी, उम्र करीब 35 वर्ष, सोमवार रात लगभग 11:30 बजे घर पर थे। परिवार के लोगों के मुताबिक, ट्रांसफार्मर से अचानक हाई वोल्टेज आने के बाद घर में बिजली का करंट तेज हो गया। इसी दौरान अमर चौधरी पंखे का स्विच बंद करने के लिए गए, तभी वह बिजली की चपेट में आ गए।
परिवार के लोगों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना कोठीभार थाना पुलिस को दी गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज सदर स्थित पोस्टमार्टम हाउस लेकर पहुंचे।
मृतक के बड़े भाई विजय कुमार ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। अमर चौधरी मजदूरी और लेबर का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय पुत्र अंकित चौधरी और 5 वर्षीय पुत्री लाडो हैं।
परिजनों ने प्रशासन और सरकार से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है, ताकि परिवार का गुजर-बसर हो सके।









