महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज, महराजगंज में विद्यार्थी संवाद एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ उपस्थित रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में सफलता के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है।
विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर का लक्ष्य तय कर उसी दिशा में पूरी लगन से प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, डिजिटल जागरूकता और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
विद्यार्थी संवाद के दौरान छात्रों ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और पुलिस सेवाओं से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। एएसपी सिद्धार्थ ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का सरलता से जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि विद्यार्थी सही दिशा में मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ें तो वे अपने लक्ष्य को हासिल करने के साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासन, प्राध्यापकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









