कसया। नगर में सोमवार को गांधी चौक स्थित लेबर चौक पर उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से श्रमिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभागीय कर्मचारी शशि शेखर मिश्र ने श्रमिकों को बोर्ड में पंजीयन एवं नवीनीकरण कराने तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने श्रमिकों को बताया कि भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों में लगे श्रमिक अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से अथवा विभाग के पोर्टल www.upbocw.in पर पंजीयन करा सकते हैं। पूर्व में पंजीकृत श्रमिक समय से नवीनीकरण कराकर योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
शशि शेखर मिश्र ने बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पात्र श्रमिकों को संतान के जन्म, बच्चों की शिक्षा, पुत्री के विवाह तथा श्रमिक की मृत्यु सहित विभिन्न परिस्थितियों में नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने श्रमिकों को डिजिटल लेबर चौक की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी और इसका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान गोविंद, उमेश, सुनील, रमेश, रामप्यारे, भरत सहित दर्जनों श्रमिक मौजूद रहे।









