शाहजहांपुर। अपने स्वर्गीय पिता के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए शहर के प्रमुख व्यापारी और समाजसेवी विनय अग्रवाल ने अनूठी पहल की। उन्होंने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की तर्ज पर 101 गरीब कन्याओं का सामूहिक विवाह कराया। इस नेक कार्य की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।


विनय अग्रवाल के स्वर्गीय पिता अशोक अग्रवाल का जन्मदिन 25 अक्टूबर को था। इस अवसर पर खिरनी बाग रामलीला मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया और 101 विवाह मंडप बनाए गए। सभी जोड़ों के विवाह की व्यवस्था के साथ नवविवाहित बेटियों को उपहार भी दिए गए। कार्यक्रम में मेहमानों के लिए स्वादिष्ट भोजन का इंतजाम किया गया।
समारोह में जिले के कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। विनय अग्रवाल ने भाई की भूमिका निभाते हुए अपने हाथों से सभी 101 कन्याओं का कन्यादान किया।
व्यापारी विनय अग्रवाल ने बताया कि उनकी कोई बहन नहीं है। ऐसे में 101 बेटियों का विवाह कराकर उन्हें अपनी बहनों की शादी करने जैसा सुख मिला। उन्होंने इस आयोजन को अपने पिता की स्मृति में समर्पित किया। कार्यक्रम में बेटियों के परिजनों और जनप्रतिनिधियों ने इस सामाजिक पहल की सराहना की।









