लखनऊ। कैसरबाग कचहरी के आसपास वकीलों के चैंबरों को हटाने की कार्रवाई को लेकर अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। नगर निगम की ओर से की जा रही कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में वकील एकत्र हुए और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए धरना दिया।
चैंबर हटाने से रोजी-रोटी पर संकट का आरोप
प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का कहना है कि चैंबर उनके लिए केवल बैठने की जगह नहीं, बल्कि आजीविका का प्रमुख साधन हैं। उनका आरोप है कि चैंबर हटाने से पहले कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। इससे उनके कामकाज और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है।
धरने में महिला अधिवक्ता भी शामिल
विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ता भी शामिल हुईं। मौके पर कुछ महिला अधिवक्ता भावुक और मायूस नजर आईं। कार्रवाई को लेकर कचहरी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
अधिवक्ताओं की मांग है कि उनकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई के संबंध में उचित समाधान निकाला जाए और वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार किया जाए।
फिलहाल, नगर निगम की कार्रवाई और अधिवक्ताओं के विरोध के बीच मामले में प्रशासन की अगली प्रतिक्रिया का इंतजार है।









