एसपी ने की जनसुनवाई, थाना स्तर पर शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, महिला उत्पीड़न समेत अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। एसपी ने प्रत्येक शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए पुलिस कार्यालय आने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निस्तारण थाना स्तर पर संभव है, उन्हें वहीं पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ समय सीमा के भीतर निपटाया जाए।

एसपी ने महिला हेल्पडेस्क एवं जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं अन्य पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान किया जाए। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]