हरिद्वार के ज्वालापुर में सामुदायिक केंद्र की दीवार गिरने से दो कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज तूफान के चलते दीवार गिर गई। हादसे में दोनों कारों को काफी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, वरना दिन में व्यस्त सड़क पर बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने दीवार की जर्जर हालत और अस्पताल परिसर में लगी पुरानी पानी की टंकी को लेकर भी चिंता जताई है। लोगों ने प्रशासन से जांच कराकर जरूरी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामला हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र का है, जहां सामुदायिक केंद्र की दीवार अचानक गिर गई। दीवार का मलबा वहां खड़ी दो कारों पर जा गिरा, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर की दीवार काफी पुरानी और जर्जर हालत में थी। ज्वालापुर की यह मुख्य सड़क दिनभर व्यस्त रहती है। ऐसे में दिन के समय दीवार गिरने से लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। स्थानीय लोगों ने परिसर में लगी पुरानी पानी की टंकी की भी जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।









