देवा मेला-2026 की तैयारियां तेज, 120 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी। प्रसिद्ध देवा मेला-2026 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में जिलाधिकारी एवं देवा मेला प्रदर्शनी समिति के अध्यक्ष ईशान प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मेले के प्रस्तावित कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में सूफी संगीत, कवि सम्मेलन, मुशायरा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और संगीत संध्या सहित कई आकर्षक आयोजन होंगे। सुरक्षा के मद्देनजर करीब 120 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा लगभग 200 महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

जायरीनों और श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए करीब 80 रोडवेज बसों की व्यवस्था की गई है। सफाई व्यवस्था को छह सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक सेक्टर में एक अधिशासी अधिकारी तैनात किया जाएगा।

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दुकानों पर रेट लिस्ट की जांच के लिए टीमें लगाई जाएंगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मेडिकल कैंप, चिकित्सक और तीन एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले में अवैध वसूली या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी। सभी विभागों को बिजली, सफाई, सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]