महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए, बल्कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को जनसुनवाई व्यवस्था और महिला हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावशाली बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात सम्मानपूर्वक सुनी जाए और उसकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
उन्होंने सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मामलों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण थाना स्तर पर ही समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए। इसके लिए अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिया कि महिला संबंधी शिकायतों को विशेष संवेदनशीलता के साथ लिया जाए तथा महिला हेल्पडेस्क पर आने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की अपेक्षा की।









