मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी स्विफ्ट, 2 बच्चों समेत 4 की मौत, 5 घायल

मथुरा में दिल्ली-आगरा हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसी क्षतिग्रस्त स्विफ्ट कार और अस्पताल पहुंचाए गए घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मथुरा। मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। हाईवे किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार पीछे से जा घुसी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई और 5 लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि कार में कुल 9 लोग सवार थे, जो मध्य प्रदेश के भिंड जिले से मथुरा घूमने आए थे। रात में सभी ने गोवर्धन की परिक्रमा की थी और सोमवार तड़के लौट रहे थे। आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार बेकाबू हो गई और थाना जैत क्षेत्र में सनसिटी के सामने खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार ट्रक के पीछे बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना जैत पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मरने वालों में 4 साल का रुद्र, 10 साल का कान्हा, 32 साल की रूबी और 30 साल की ज्योति शामिल हैं। घायलों में आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी हैं। इनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सभी का इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बाइट: श्लोक कुमार, एसएसपी मथुरा

(संवाददाता: सुरेश सैनी, मथुरा)

और पढ़ें

[the_ad id="164"]