टिहरी में हेलमेट जागरूकता अभियान, एसएसपी ने खुद संभाली कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सड़क हादसों में होने वाली जनहानि को कम करने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए टिहरी पुलिस ने जनपदभर में हेलमेट जागरूकता अभियान शुरू किया है। यातायात निदेशालय उत्तराखंड के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में एसएसपी श्वेता चौबे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी अभियान की अगुवाई की। रैली के दौरान लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान एसएसपी ने दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली उन सवारियों को मौके पर ही नि:शुल्क हेलमेट पहनाया, जो बिना हेलमेट सफर कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सड़क पर सुरक्षा सिर्फ वाहन चलाने वाले व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पीछे बैठने वाली सवारी की सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है।

एसएसपी श्वेता चौबे ने लोगों से अपील की कि हेलमेट को सिर्फ चालान से बचने के लिए न पहनें। उन्होंने कहा कि सड़क पर निकलते समय हेलमेट अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखकर पहनना चाहिए। एक छोटी सी लापरवाही कई बार बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाती है।

टिहरी पुलिस का यह अभियान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना है।

लोकेशन- मुनिकीरेती

संवाददाता- सागर रस्तोगी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]