महराजगंज। जिले की परतावल पुलिस चौकी पर रविवार को उस समय हंगामा हुआ, जब आधा दर्जन से अधिक महिलाएं नेटवर्किंग कंपनी से जुड़े लोगों के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि कमीशन दिलाने का भरोसा देकर उनसे रुपये जमा कराए गए, लेकिन दस महीने बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली।
कमीशन का भरोसा देकर जमा कराए रुपये
पनियरा थाना क्षेत्र के जंगल बड़हरा निवासी नंदनी, रीना, पूजा, शारदा, मालती, पायल और प्रीति समेत अन्य महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की। उनका आरोप है कि नेटवर्किंग कंपनी से जुड़ी एक महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें कमीशन कमाने का लालच दिया था। इसके बाद उनसे रुपये जमा कराए गए।
महिलाओं के मुताबिक, कुछ लोगों ने उनके जेवर भी गिरवी रखवाए थे। उन्हें उम्मीद थी कि कंपनी से मिलने वाले कमीशन से उनकी आर्थिक स्थिति सुधरेगी, लेकिन लंबे समय बाद भी उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। अब महिलाएं अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग कर रही हैं।
पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन
मामले में एसओ महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शिकायत की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, महिलाओं को अपनी रकम वापस मिलने का इंतजार है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








